ज्ञानपुर/सीतामढ़ी। जिले के ऐतिहासिक धार्मिक पर्यटन स्थल सीतामढ़ी का विकास अब तेज होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसकी घोषणा भी कर दी है। वहीं पर्यटन विभाग के इनपैल्ड आर्किटेक्ट कार्ययोजना को अंतिम दूर देने में जुटे हैं। सबकुछ ठीक-ठाक रहा तो जल्द ही काम भी शुरू कराया जाएगा। यहां पार्किंग से लेकर सुंदरीकरण के कार्य भी कराए जाएंगे। भदोही जिले के जिला मुख्यालय से करीब 40 किमी की दूरी पर स्थित सीतामढ़ी जिले का प्रमुख धार्मिक स्थल है। यहां हनुमानजी की विशालकाय प्रतिमा दूर से ही लोगों केे आकर्षित करती है। इसके साथ ही पास में ही सीता समाहित स्थल है। यहां माता सीता का दर्शन-पूजन करने के लिए दूर-दूर से भी लोग आते हैं। पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की बात काफी लंबे समय से चल रही है। पर्यटन विभाग के अनुसार, यहां राज्य योजना के तहत पर्यटन विकास कराया जाना है। इससे यहां की सुंदरता और बढ़ेगी। अभी तक जो आंकलन किया गया है उसके अनुसार करीब चार करोड़ रुपये की लागत खर्च होगी। कुल मिलाकर मंदिर का सुंदरीकरण और वहां की व्यवस्थाओं का जीर्णोद्धार होगा। इसकी कार्य योजना भी लगभग बनकर तैयार हो चली है। पर्यटन सूचना अधिकारी बृजेश कुमार ने बताया कि राज्य योजना के तहत श्री सीता समाहित स्थल का रिटेनिंग वॉल बनवाया जाएगा। साथ ही यहां पार्किंग स्थल का विकास होगा। सामुदायिक भवन भी बनाया जाएगा। सुंदरीकरण व एप्रोच मार्ग की भी स्थिति ठीक की जाएगी।