भदोही। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पद के चुनाव के लिए कुल छह प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। सीईपीसी के नई दिल्ली कार्यालय में शुक्रवार को नामांकन का आखिरी दिन रहा। आगामी 18 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच और 19 नवंबर को नाम वापसी होगी। निर्वाचन समिति के सदस्य उमेश गुप्ता मुन्ना व ओएन मिश्र बच्चा ने बताया कि कालीन निर्यात संवर्धन परिषद को कुल छह नामांकन प्राप्त हुए हैं। इसमें असलम महबूब, कुलदीप राज वाटल, कैप्टन मुकेश कुमार, रवि पाटोदिया, संजय गुप्ता, वासिफ अंसारी ने नामांकन किया है। बताया कि सीलबंद लिफाफे नामांकन पत्र अब जांच के लिए 18 नवंबर को खोले जाएंगे। उसी दिन स्पष्ट हो सकेगा कि किस पद के लिए किसने नामांकन किया है। बताया कि 19 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच और उसी दिन नाम वापसी के बाद शाम को प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 25 नवंबर को ई-मेल से सभी मतदाताओं को वैध प्रत्याशियों की सूची भी भेज दी जाएगी। इस बार सीईपीसी के चुनाव में कुल 934 कालीन निर्यातक शामिल होंगे। तीन से 10 दिसंबर के बीच मतदाता शाम पांच बजे तक इलेक्ट्राॅनिक मतदान करेंगे। किसी निर्यातक को इलेक्ट्राॅनिक मतदान में कोई दिक्कत होती है तो वह आठ दिसंबर को सुबह 10 बजे तक रिटर्निंग आफिसर से मिलकर उपस्थित होकर मतदान करने की इच्छा जता सकता है। ऐसे लोग 11 दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक वहां पहुंच कर मतदान कर सकेंगे। हालांकि निर्यातकों से मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि कुलदीप राज वाटल, रवि पाटोदिया और कैप्टन मुकेश ने चेयरमैन पद के लिए नामांकन किया है। वहीं असलम महबूब, संजय गुप्ता और वासिफ अंसारी ने वाइस चेयरमैन पद के लिए नामांकन किया है। कालीन परिक्षेत्र में अब चुनावी चर्चा अब जोर पकड़ने लगी है। सहालग के सीजन में निर्यातक कहीं भी किसी शादी समारोह में भी पहुंच रहे हैं तो वहां भी उनके बीच सीईपीसी चुनाव को लेकर ही चर्चा चल रही है। सीईपीसी का चुनाव कैसा रहेगा। यह आने वाले दिनों में पता चलेगा लेकिन उसके पहले सीईपीसी की चुनावी चर्चा ने जोर पकड़ी है।