भदोही। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) के 18 प्रशासनिक समिति के चुनाव में शनिवार को रोचक मोड़ आया। आठ उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया। नाम वापसी के बाद अब चुनाव मैदान में 34 प्रत्याशी ही हैं। 22 अप्रैल को रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से सभी मतदाताओं को ईमेल के माध्यम से प्रत्याशियों की सूची भेजी जाएगी। इसके बाद एक मई से आठ मई के बीच इलेक्ट्रॉनिक मतदान और नौ मई को नई दिल्ली सीईपीसी भवन में बैलेट पेपर से वोटिंग होगी। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद के चुनाव को लेकर कालीन उद्योग में गहमागमी बढ़ गई है। निर्यातकों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं 18 प्रशासनिक सदस्याें के लिए होने वाले चुनाव में खड़े उम्मीदवार जमकर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। सीईपीसी के 18 प्रशासनिक समिति के सदस्यों में 10 उत्तर प्रदेश, चार-चार जम्मू-कश्मीर और शेष भारत कोटे से चुने जाने हैं। यूपी कोटे के होने वाले 10 पदों के लिए 19 प्रत्याशी और कश्मीर कोटे के चार पदों के लिए सात प्रत्याशी मैदान में हैं। इसी तरह शेष भारत के चार पदों के लिए आठ प्रत्याशी उतरे हैं। चुनाव में 1746 निर्यातक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जो एक मई से शुरू होकर 8 मई तक चलेगी। रिटर्निंग ऑफिसर जगमोहन ने बताया कि कुछ मतदाता जिन्होंने स्वयं उपस्थित होकर मतदान करने का विकल्प चुना है, वे 9 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक दिल्ली कार्यलय में आकर वोट डालेंगे। इसके बाद वोटों की गिनती और परिणाम की घोषणा भी उसी दिन कर दी जाएगी।
-
सीईपीसी की ओर से जारी वैध प्रत्याशियों की सूची
उत्तर प्रदेश (19) - अब्दुल सत्तार अंसारी, अनिल कुमार सिंह, असलम महबूब, भरत लाल मौर्या, हुसैन जाफर हुसैनी, इम्तियाज अहमद, जाबिर बाबू अंसारी, मोहम्मद वासिफ अंसारी, नुमान अहमद, पंकज बरनवाल, पियूष बरनवाल, राशिद कमर अंसारी, रवि पाटोदिया, रोहित गुप्ता, संजय कुमार गुप्ता, सूर्यमणि तिवारी, उमेश कुमार शुक्ला, विनय कपूर, विनय शुक्ला।
कश्मीर (7) - आशिक अहमद शेख, फैयाज अहमद वानी, गुलाम नबी भट्ट, जावीद अहमद टेंगा, केआर वाटल, मेहराज यासीन जन, शौकत खान।
शेष भारत (8) - बोधराज मल्होत्रा, दीपक खन्ना, महावीर प्रताप शर्मा, मुकेश कुमार गोंबर, नवीन सुराना, ओपी गर्ग, सुनील कुमार जैन, विजेंद्र सिंह जगलान।