भदोही। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पद के लिए गत तीन दिसंबर से इलेक्ट्राॅनिक मतदान हो रहा है जो 10 दिसंबर को शाम पांच बजे समाप्त हो जाएगा। इस बीच बिना ओटीपी मांगे आटोपी मिलने और बिना मतदान के ही मतदान हो जाने का मैसेज आने की शिकायत एक निर्यातक मतदाता ने चुनाव पर्यवेक्षक सुखबीर सिंह बादल से की है। प्रमुख कालीन निर्यातक अब्दुल कादिर अंसारी ने चुनाव के पर्यवेक्षक नियुक्त किे गए संयुक्त महानिदेशक विदेश व्यापार डाॅ. सुखबीर सिंह बादल समेत रिटर्निंग आफिसर डाॅ. स्मिता नागरकोटी व निर्वाचन समिति के दो सदस्यों उमेश कुमार गुप्ता और ओएन मिश्रा को ईमेल के माध्यम से की अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने वोट करने का प्रयास भी नहीं किया और उनके मोबाइल पर अपने आप ओटीपी आ गया है। अभी वे कुछ समझ पाते कि मोबाइल स्क्रीन पर आपका मतदान सफलतापूर्वक हो गया है का मैसेज फ्लैश हो गया। यह भी कहा कि उन्होने इस मैसेज का स्क्रीन शाट भी लेना चाहा लेकिन तब तक मैसेज गायब हो गया। इस बाबत पर्यवेक्षक ने कहा कि शिकायत मिली है। चुनाव बहुत ही भरोसेमंद संस्था नेशनल सेक्योरिटीज डिपाजिटरी लि. (एनएसडीएल) करा रही है। ऐसा कैसे हो गया, यह समझ से परे है फिर भी इसके बारे में जरूरी जानकारी प्राप्त की जा रही है। उधर शिकायतकर्ता को भी जवाब में पर्यवेक्षक की ओर से आश्वासन दिलाया गया है।