नगर के मदर हलीमा स्कूल में मंगलवार को परीक्षा देकर निकलते परीक्षार्थी। स्रोत- संवाद
भदोही। जिले के छह केंद्रों पर मंगलवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की परीक्षा हुई। पहले दिन दसवीं गणित की परीक्षा में 25 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दोपहर डेढ़ बजे परीक्षा देकर क्लास रूम से निकलते बच्चों के चेहरे पर आत्मविश्वास झलक रहा था। जनपद में 10वीं और 12वीं कक्षा में 5185 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक हुई। सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। प्रवेश से पहले जांच की गई। निर्धारित समय से पहले ही परीक्षार्थी केंद्रों पर पहुंच गए। परीक्षा देकर केंद्र से बाहर आते विद्यार्थियों का पेपर को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया रही। अधिकांश छात्र प्रश्नपत्र को संतुलित बताए। कहा कि प्रश्नपत्र पाठ्यक्रम पर आधारित था। जिला कोआर्डिनेटर शालिनी मेहरा ने बताया कि पहले दिन 25 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। कहा कि परीक्षा शांतिपूर्ण रही। वुडवर्ड पब्लिक स्कूल, मदर हलीमा पब्लिक स्कूल, सेंट थामस स्कूल ज्ञानपुर, ओम पब्लिक स्कूल, दयावंती पुंज माडल स्कूल सीतामढ़ी तथा जयराजी देवी पब्लिक स्कूल जंगीगंज में परीक्षा हो रही है।