प्रशिक्षित स्नातक परीक्षा (टीजीटी) में रविवार को भदोही स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय में नकल सामग्री के साथ एक अभ्यर्थी को रंगे हाथ पकड़ लिया। प्राचार्य डा. मुरलीधर ने भदोही कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। संयुक्त शिक्षा निदेशक कामता राम पाल समेत अन्य अफसर केंद्रो का निरीक्षण किया। दोनों पालियो में कुल 261 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। टीजीटी के लिए जिले में काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर, विभूति नारायण राजकीय इंटर कालेज ज्ञानपुर, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय महाविद्यालय भदोही और केशव प्रसाद मिश्र राजकीय महिला महाविद्यालय औराई को केंद्र बनाया गया था। पहली पाली में पंजीकृत 1390 में से 1248 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 142 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसी तरह दूसरी पाली में पंजीकृत 1279 में से 119 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। जिला विद्यालय निरीक्षक नंदलाल गुप्ता ने बताया कि सुबह की पाली में भदोही के श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय में एक अभ्यर्थी नकल सामग्री के साथ पकड़ा गया। प्राचार्य ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि दोनो पालियों में परीक्षा शांतिपूर्वक हुई। परीक्षा केंद्रो पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट संग पुलिस टीम लगी रही।