दुर्गागंज। सुरियावां थानाक्षेत्र के अमिलहरा गांव में सोमवार की शाम हुए सड़क हादसे में दानूपुर पश्चिम पट्टी गांव निवासी रामलाल बिंद की तहरीर पर सुरियावां थाने में तीन बाइक सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सोमवार शाम को दरोगा बिंद बाइक से कोइलरा से लौट रहा था। अमिलहरा के समीप ज्ञानपुर कोतवाली निवासी पिंटू यादव पुत्र प्रेम नाथ यादव, आशीष कुमार यादव पुत्र रमाशंकर यादव, नितेश यादव पुत्र संजय ने नशे की हालत में गलत दिशा से आकर दरोगा की बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। गौरतलब है कि सोमवार को पत्नी को राखी बंधवाकर घर ले जा रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। दूसरी बाइक पर सवार तीनों युवक भी घायल हो गए थे।
--