अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर औराई पुलिस ने रविवार को सुल्तानपुर के तीन जालसाजों के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना भी शुरु कर दिया है। औराई थाना क्षेत्र के शुकुलपुर चकबीरा निवासी विमलेश कुमार शुक्ला ने आरोप पत्र न्यायालय में दायर कर आरोप लगाया है कि वादी वीडियोग्राफी का कार्य करता है। वह गत दिनों पांडेयपुर-वाराणसी में चल रही एक भोजपुरी शूटिंग में सहायक वीडियोग्राफर कार्यरत था। उसी समय डोमनपुर-लम्हुआ सुल्तानपुर निवासी तीन व्यक्तियों से जान-पहचान होने पर वीडियोग्राफी के लिए डिजिटल कैमरा दिलाने की जिम्मेदारी ली। डिजिटल कैमरे के लिए लगभग ढाई लाख रुपये की डिमांड की गई। रुपये की डिमांड भी पूरी की गई, लेकिन उक्त लोगों ने न कैमरा दिया न रुपये ही वापस कर रहे हैं। रुपये की मांग करने पर जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। पुलिस से शिकायत करने पर कार्रवाई नहीं हो सकी। मामले की शिकायत रजिस्टर्ड डाक से एसपी को देने पर भी पुलिस का रवैया ठीक नहीं रहा। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने मामले में संज्ञेय अपराध पाते हुए जालसाजों के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना रिपोर्ट न्यायालय में प्रेषित करने का आदेश दिया है। प्रभारी निरीक्षक एनपी सिंह ने कहा कि कोर्ट के आदेश पर हितेश तिवारी, मनोज तिवारी, शुभम पांडेय निवासी डोमनपुर-लम्हुआ सुल्तानपुर के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी गई है।