मुहम्मदाबाद गोहना। कोतवाली क्षेत्र के खतिबहा गांव में बिजली फाल्ट ठीक करने गए लाइनमैन के ऊपर फायरिंग करने के आरोप में एक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। बुधवार की शाम 8 बजे करहां स्थित 33/11 केवी बिजली सब स्टेशन से जुड़े खतिबहा गांव में बिजली फाल्ट ठीक करने कोतवाली क्षेत्र के हाफिजपुर गांव निवासी कोमल राम पहुंचा था। इस बीच गांव के ही एक युवक से विवाद हो गया। बिजली कर्मी का आरोप है कि युवक ने उसके ऊपर फायर किया लेकिन गोली नहीं लगी।
घटना के संबंध में बिजली कर्मियों ने विरोध जताते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की थी। इस संबंध में पीड़ित बिजली कर्मी की तहरीर पर उक्त गांव निवासी मनोज चौहान के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने, और दलित उत्पीड़न की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस बारे में कोतवाल संजय कुमार तिवारी ने बताया कि लाइनमैन की तहरीर पर जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में आरोपी द्वारा हवाई फायरिंग की घटना की पुष्टि हुई है।