अवैध तरीके से अस्पताल और पैथालॉजी का चलाने वालों को नोटिस देने के बाद भी संचालन बंद न करने पर बृहस्पतिवार की शाम को स्वास्थ्य विभाग ने गोपीगंज और गोसाईंपुर के एक क्लीनिक और एक लैब संचालक के खिलाफ केस दर्ज कराया। विभागीय कार्रवाई से अवैध तरीके से क्लीनिक संचालित करने वालों में खलबली मची है। अधिवक्ता आदर्श कुमार ने दो माह पूर्व आईजीआरएस पोर्टल पर गोपीगंज में अवैध तरीके से पैथालॉजी और गोसाईपुर में अवैध तरीके से क्लीनिक संचालन की शिकायत की थी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशुतोष पांडेय ने जांच की तो दोनों बिना पंजीकरण के संचालित मिले। जिसको संज्ञान में लेते हुए पैथालाजी और क्लीनिक को बंद करने की नोटिस भेजा था। दो नोटिस भेजने के बाद भी संचालन बंद न होने पर शिकायत की गई। सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक के निर्देश पर बृहस्पतिवार अधीक्षक ने गोपीगंज कोतवाली में क्लीनिक संचालक एसके यादव और पैथालॉजी संचालक पर मुकदमा दर्ज कराया। सीएमओ ने कहा कि बिना पंजीकरण जो भी क्लीनिक या लैब संचालित हो रहे हैं उसे बंद करें अन्यथा कार्रवाई होगी।