ज्ञानपुर। फर्जी अभिलेख के आधार पर नौकरी करने वाली एक महिला शिक्षक के खिलाफ सुरियावां थाने में जालसाजी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं इस मामले में अब विभाग की ओर से वेतन रिकवरी की कार्रवाई शुरू की गई है। अभोली के मऊरामशाला प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक पद पर तैनात श्याम दुलारी दौलताबाद, मोहम्मदाबाद गाजीपुर कई साल से नौकरी कर रही थी। ऑनलाइन जांच में यह बात सामने आई कि एक ही पते पर दो शिक्षिका नौकरी कर रही हैं। श्याम दुलारी को नोटिस जारी की गई लेकिन वह जांच कमेटी के सामने उपस्थित नहीं हुई। इस संबंध में बीएसए अमित कुमार सिंह ने कहा कि केस दर्ज कर रिकवरी की कार्रवाई शुरू हो चुकी है। बताते चलें कि फर्जी अभिलेख के सहारे नौकरी करने में अब तक पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है।