ज्ञानपुर। जिले में दो अवैध क्लीनिक पर रविवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। जबकि एक को बंद करने के लिए नोटिस जारी किया गया। अधीक्षक की जांच में शिकायत सही पाए जाने पर सीएमओ निर्देश पर कार्रवाई अमल में लाई गई। सुरियावां निवासी सोनू श्रीवास्तव ने सुंदरपुर में रामधनी मौर्य के क्लीनिक को अवैध बताते हुए शिकायत की थी। सीएमओ के निर्देश पर गोपीगंज सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशुुतोष कुमार ने जांच की, जिसमें क्लीनिक अवैध तरीके से संचालित होती पाई गई। स्वास्थ्य विभाग ने तीन माह में पांच बार क्लीनिक बंद करने का नोटिस भेजा साथ ही 50 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया लेकिन क्लीनिक बंद नहीं की गई। शिकायतकर्ता ने प्रार्थना पत्र देकर क्लीनिक न बंद होने की शिकायत की। अधीक्षक ने संचालक रामधनी मौर्य के खिलाफ गोपीगंज थाने में केस दर्ज कराया। इसी तरह संसारापुर में संचालित डॉ. एनएन दास क्लीनिक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया। देवनाथपुर बाजार में अवैध ढंग से संचालित डॉ. एसके मजूमदार के क्लीनिक को बंद करने का नोटिस भेजा गया। सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक ने बताया कि अवैध ढंग से संचालित अस्पतालों को चिह्नित कराया जा रहा है। पंजीकरण न कराने और विशेषज्ञ न होने की स्थिति में ऐसे अस्पतालों को बंद किया जाएगा।