औराई। सैदपुर रायगढ़-छत्तीसगढ़ निवासी शमशाद आलम की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को ट्रक चालक समेत छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शमशाद आलम ने आरोप लगाया है कि वह कोयले का व्यापार करता है। 20 अप्रैल को सुबह नौ बजे वह आरडीएस रायगढ़-छत्तीसगढ़ से ट्रक नंबर यूपी 66 टी-1005 पर कोयला लादकर कुशीनगर के लिए निकला था। औराई-मिर्जापुर मार्ग पर टेढ़वां स्थित आदर्श ढाबा पर चालक ने ट्रक खड़ा कर घर चला गया। दो दिन बाद घर से आने पर चालक ट्रक को लेकर उगापुर नहर मार्ग से जा रहा था। उसी समय चार-पांच लोग बोलेरो से आए और चालक से बातचीत कर मुझे मारने लगे। शोरगुल मचाने पर चालक ट्रक लेकर भाग गया तो बोलेरो सवार अपरहरण की नियत से शमशाद आलम को बोलेरो में बैठाकर भागने लगे। इस नजारे को देख रहे लोगों के पीछा करने पर बोलेरो सवार शमशाद आलम को भी सड़क किनारे छोड़ कर भाग निकले थे। ट्रक में भरा हजारों रुपये का कोयला और केबिन में जरुरी कागजात थे जो अभी तक नहीं मिल सके हैं। प्रभारी निरीक्षक अजय सेठ ने कहा कि तहरीर पर ट्रक चालक समेत छह अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है।