प्राथमिक विद्यालय सिकन्दरा में पीडीए की पाठशाला चलाती सपा नेत्री अंजनी सरोज।
- फोटो : वीडियो ग्रैब
चौरी। प्राथमिक विद्यालय सिकंदरा में बुधवार को बच्चों से नारेबाजी कराने के मामले में प्रधानाध्यपक की तहरीर पर बृहस्पतिवार को सपा नेत्री अंजनी सरोज सहित पांच अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया है। शासन के निर्देश पर प्राथमिक विद्यालय सिकंदरा में बच्चों की संख्या कम होने पर उसे पिलखनी विद्यालय में मर्ज कर दिया गया था। बुधवार की दोपहर तीन बजे सपा नेत्री अंजनी सरोज कुछ कार्यकर्ताओं के साथ स्कूल में पीडीए पाठशाला चला रहीं थीं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें वह स्कूल ड्रेस में पहुंचे बच्चों से ‘बंद करो मधुशाला, चालू करो पाठशाला’ आदि नारे लगवा रहीं थीं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही भाजपा नेताओं ने फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर पोस्टकर मुख्यमंत्री को टैग कर दिया। शासन तक मामला पहुंचने के बाद अधिकारी सक्रिय हुए। बीएसए विकास चौधरी के साथ प्राथमिक स्कूल पिलखनी के प्रधानाध्यापक सभाजीत थाने पहुंच गए। तहरीर देकर सपानेत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि सपा नेत्री के साथ चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, दूसरी ओर सपा ने मुकदमा दर्ज होने पर विरोध जताया है। जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है। सपा नेत्री अंजनी सरोज साल 2022 में औराई विधानसभा से चुनाव लड़ चुकी हैं। इसमें वह चुनाव हार गईं थीं।