भदोही। कोतवाली पुलिस ने जुलूस के दौरान तीव्र आवाज वाले डीजे बजाने पर आठ डीजे संचालकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि डीजे संचालकों को पूर्व में चेतावनी दिए जाने के बाद भी उन्होंने ध्वनि तीव्रता और मानकों का उल्लंघन किया। इससे बुजुर्गों, शिशुओं व आमजन को दिक्कत हुई। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने कहा कि बार-बार बताने के बाद भी लोग नहीं माने। इससे यातायात व्यवस्था, आपातकालीन सेवाएं, एंबुलेंस आदि भी बाधित हुई। इसे देखते हुए आठ लोगों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है। कहा कि रात 10 बजे के बाद भी कई संचालकों ने कान फोड़ू आवाज में डीजे बजाए, जिसका संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि इस मुकदमे को आगामी त्योहारों के दौरान सभी डीजे संचालकों को चेतावनी के रूप में लेना चाहिए। मानक के विपरीत ध्वनि करने पर ऐसे डीजे संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का जाएगी। इसलिए डीजे तेज आवाज में न बजाएं।