ज्ञानपुर । अवैध रूप से संचालित बैंक का पर्दाफाश होने से सैकड़ों उपभोक्ताओं की नींद उड़ गई है। एक ग्राहक की एफडी पूर्ण होने पर भुगतान न करने पर मामला पुलिस के पास पहुंचा। जांच शुरू हुई तो परत दर परत सच्चाई सामने आने लगी। पुलिस के अनुसार, कई संदिग्ध लोगों की तलाश की जा रही है। इनके पकड़े जाने पर बड़े चहरों के बेनकाब होने की उम्मीद है।
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि अवैध बैंक की जिले में चार शाखाएं थीं। सभी बंद हो चुकी हैं। एक अभी कुछ दिन पूर्व बंद हुई है। 38 में सिर्फ 21 शाखाएं हैं। उन्होंने बताया कि ज्ञानपुर के पुरानी बाजार का निवासी रामू गौड़ बैंक का ग्राहक था। उसकी एफडी पूर्ण हो गई। उसके भुगतान में आनाकानी शुरू हो गई। करीब एक महीने तक परेशान होने के बाद रामू पुलिस के पास पहुंचा। उन्होंने बताया कि मामला गंभीर होने पर टीम गठित कर जांच की गई तो खुलासा हुआ। उन्होंने बताया कि पीड़ितों की संख्या अभी तय नहीं हो सकी है। अब धीरे-धीरे ग्राहक सामने आएंगे। बताया कि सभी शाखाओं में नौ हजार से अधिक ग्राहक होने की उम्मीद है। इसकी सबसे अधिक शाखाएं सोनभद्र में हैं।