औराई। न्यायालय के आदेश पर हरिनारायणपुर गांव के ग्राम प्रधान के खिलाफ मंगलवार को पुलिस ने सरकारी धन का दुरुपयोग और गबन करने का मुकदमा दर्ज किया। अर्जुनपट्टी हरिनारायणपुर गांव निवासी रमेशचंद्र चौबे ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर ग्राम प्रधान अनिल कुमार दुबे और दो अन्य अज्ञात के खिलाफ ग्राम सभा से फर्जी प्रस्ताव कर विभिन्न मदों से धन आहरित कर धन की बंदरबांट करने का आरोप लगाया था। यह भी आरोप लगाया था कि शासन के विपरीत शौचालय, हैंडपाइप और स्ट्रीट लाइट में धांधली की गई है। गत दिनों कोर्ट ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना का आदेश दिया था। मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने प्रधान के खिलाफ जालसाजी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। उधर ग्राम प्रधान ने कहा कि जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं, वह निराधार हैं। जितने भी आरोप लगाए गए हैं। वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटो कराकर विकास खंड कार्यालय, मुख्य विकास अधिकारी और जिला अधिकारी के यहां भी दी गई है।