बेहतर कारोबार की उम्मीदों के बीच जिले में आयोजित 47वें अंतरराष्ट्रीय कालीन मेले का बृहस्पतिवार को समापन हो गया।
कालीन मेले में चार दिनों में 38 देशों के कुल 235 विदेशी खरीदारों के साथ 255 आयातकों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। आयोजन समिति कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) ने दावा किया कि चार दिनों में करीब 450-500 करोड़ का व्यापार जनरेट हुआ है। आने वाले दिनों में निर्यातकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
जिले में आयोजित 47वां कालीन मेला कई मायने में अहम रहा। इस बार सीईपीसी की ओर से खास तैयारियां की गई थीं। इस बार सीईपीसी ने पिछली कमियों से सीखते हुए बेहतर तैयारियों को अंजाम दिया था। 15 अक्तूबर को कपड़ा मंत्री गिरीराज सिंह समेत अन्य ने भव्य समारोह में कालीन मेले का शुभारंभ किया।
निर्यातकों की उम्मीद के मुताबिक इस बार फेयर में कई अच्छे खरीदार भी आए। जिन्होंने अच्छी, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण कालीनों के ऑर्डर भी दिए।