जिले के 39 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कॅरिअर गाइडेंस मेला आयोजित होगा। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ बच्चों को भविष्य की राह सुझाएंगे और विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करेंगे। मेले में कक्षा आठ से 12वीं तक के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। इसकी शुरुआत शुक्रवार से चार विद्यालयों में होगी। जिले में 39 राजकीय माध्यमिक विद्यालय और इंटरमीडिएट कॉलेज संचालित हैं। विद्यार्थियों को अपना कॅरिअर चुनने के लिए अभी से मार्गदर्शन दिया जाएगा। समग्र शिक्षा अभियान के तहत सभी स्कूलों में कॅरिअर गाइडेंस मेले का आयोजन किया जा रहा है। शिक्षा विभाग की तरफ से एक-एक विद्यालय को 28-28 हजार रुपये भी जारी किए गए हैं। इसके लिए पंख पोर्टल पर विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है। पंख पोर्टल पर विद्यार्थियों को अपनी रुचि और विषय बताने होंगे। उसी के अनुरूप उन्हें कॅरिअर से संबंधित जानकारी प्राप्त होगी। विशेषज्ञ छात्र-छात्राओं से उनके कॅरिअर को लेकर संवाद करेंगे।