डीघ ब्लाक के आनापुर-तुलसीपुर निवासी और राशनकार्ड धारक शनिवार को जांच टीम के सामने ही प्रदर्शन कर कोटे की दुकान को बहाल कराने की मांग की। कार्डधारकों ने बताया कि चुनावी रंजिश के कारण हुई शिकायत पर आनापुर-तुलसीपुर गांव में संचालित होने वाली कोटे की दुकान को आपूर्ति विभाग ने निलंबित कर सुजातपुर से अटैच कराया है। तीन किमी दूर सुजातपुर गांव में जाकर सशुल्क और नि:शुल्क राशन लेने के लिए कार्डधारक परेशान हो रहे हैं। गांव में कुल 244 कार्डधारक हैं। इनमें से लगभग 188 कार्डधारकों ने जांच टीम को हलफनामा देकर निलंबित कोटे की दुकान को बहाल करने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में गीता देवी, गायत्री देवी, सिनेमा देवी, केशरा देवी, उमरी देवी, मनोरमा देवी, उर्मिला देवी, भगवानी देवी आदि रही। जांच टीम में शामिल तहसीलदार सदर विजय यादव ने कहा कि जिला प्रशासन के निर्देश वह गांव में सत्यापन के लएि प्राथमिक विद्यालय पहुंचे थे। जांच रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपी जाएगी। टीम में नायब तहसीलदार संजय कुमार, एआरओ शिव नारायण, आपूर्ति निरीक्षक बीके विश्वकर्मा शामिल थे।