गोपीगंज कोतवाली अंतर्गत राजमार्ग-गिराई के पास बुधवार को टूरिस्ट बस की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में उदय शंकर पांडेय 50, राघवेंद्र पांडेय 13 पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराकर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। प्रतापगढ़ पूर्वी सहोदर जेल के पीछे के निवासी उदयशंकर पांडेय अपने पुत्र राघवेंद्र पांडेय के साथ कार से पुत्री की विदाई कराने मिर्जापुर जा रहे थे। इस समय जब उनकी कार गिराई के पास पहुंचकर ओवरब्रिज पर चढ़ रही थी तभी उसी वक्त पीछे से आ रही टूरिस्ट बस ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पूरी कार उसी दिशा की ओर घुमकर डिवाइडर से जा टकराई और बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान आसपास के लोगों ने पहुंच कर कार में घायल होकर पड़े पिता-पुत्र को अस्पताल भेजने में लग गए उसी दौरान चालक बस को लेकर भागने लगा। ग्रामीणों के पीछा करने पर बस को कुछ दूर खड़ाकर चालक भाग निकला और खलासी को दबोच कर पुलिस को सौंप दिया। चोट अधिक लगने के कारण राघवेंद्र पांडेय की हालत चिंताजनक बनी रही। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक केके सिंह ने बताया कि घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। क्षतिग्रस्त कार और खलासी समेत बस को कोतवाली में खड़ा करा दिया गया है। घायल परिजनों की ओर से तहरीर मि लने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।