ज्ञानपुर। कैंसर, शुगर, ब्लडप्रेशर और सर्वाइकल कैंसर के रोगियों को स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर ढूंढ रही है। एक जून से चल रहे गैर संचारी रोग नियंत्रण अभियान में अब तक छह हजार लोगों की स्क्रीनिंग हो चुकी है। 30 जून तक 63 हजार की जांच होनी है। इसको पूर्ण करना स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं नोडल अधिकारी डॉ. अमित कुमार दुबे ने बताया कि गैर संचारी रोगों को नियंत्रित करने के लिए विभाग काम कर रहा है। एक जून से चल रहे अभियान में 1357 आशा कार्यकर्ताओं और 83 सीएचओ को जिम्मेदारी दी गई है। ये लोग ब्लडप्रेशर, शुगर, फेफड़े और मुंह के कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग कर रहे हैं। कहा कि बीमारियां कुछ वर्ष पूर्व 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में होती थी, जो आज के परिवेश में 30 वर्ष तक की आयु या उससे कम उम्र के लोगों में देखने को मिल रहा है। अभियान में 30 वर्ष से ऊपर के लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। इससे समय रहते बीमारियों से पीड़ित को उपचार और सही परामर्श मिल सके। कहा कि गुटखा, बीड़ी और तंबाकू के सेवन से मुंह के कैंसर के मरीज बढ़ रहे हैं। समय से पहले इन रोगों की जानकारी हो जाने पर उचित इलाज किया जा सकता है। अपर शोध अधिकारी कालिका प्रसाद ने कहा कि अभियान के दौरान केवल 30 वर्ष से ऊपर वाले व्यक्तियों की ही स्क्रीनिंग की जा रही है। जिन मरीजों में इन रोगों की आशंका होगी, उनका विवरण फार्म में भरा जाएगा । ऐसे मरीजों को उच्च चिकित्सा इकाइयों के लिए रेफर किया जाएगा।