ज्ञानपुर। जिले में ग्राम प्रधान के तीन सीटों में दो पर निर्विरोध चुनाव हो गया है। सुरियावां ब्लॉक के मर्दनशाहपुर और अबरना में प्रत्याशी को अब प्रमाणपत्र लेने की औपचारिकता पूरी करनी है, जबकि डीघ ब्लॉक के गांधी में तीन उम्मीदवारों के बीच घमासान होगा। यहां छह अगस्त को मतदान और आठ अगस्त को मतगणना होगी।
मतदान कराने के लिए पांच बूथों के लिए पांच पोलिंग पार्टी रवाना होगी। बीडीसी की एक और सदस्य की 27 सीटों पर एक-एक उम्मीदवार होने से इन सीटों पर भी निर्विरोध चुनाव तय हो गया है।
जिले की 546 ग्राम पंचायतों के लिए साल 2021 में मतदान हुआ था। ग्राम प्रधानों के निधन के कारण सुरियावां के अबरना, मर्दनशाहपुर और गांधी की सीट रिक्त हो गई। इसी तरह डीघ ब्लॉक में बीडीसी की वार्ड संख्या 63 और सदस्य की 27 सीटें खाली हो गईं। आयोग की तरफ से महीने भर पूर्व इसके लिए अधिसूचना जारी की गई। नामांकन, नाम वापसी के बाद चुनाव को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। डीघ ब्लॉक के गांधी गांव में तीन उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिसके कारण यहां पर छह अगस्त को मतदान होगा।
चुनाव कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतदान शुरू होने से लेकर संपन्न होने तक प्रभारी निरीक्षक गोपीगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम मतदान केंद्र पर तैनात रहेगी। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय डीएस शुक्ला ने बताया कि मर्दनशाहपुर, अबरना में एक-एक उम्मीदवार होने से वहां निर्विरोध चुनाव होगा, जबकि गांधी में छह अगस्त को मतदान होगा। उन्होंने बताया कि सदस्य के 27 और बीडीसी की एक सीट पर भी चुनाव निर्विरोध हो जाएगा। उन्होंने बताया कि पांच बूथ होने से पांच पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। आठ अगस्त को मतगणना के बाद सभी को प्रमाणपत्र दिया जाएगा।