ज्ञानपुर। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के अमवा में शुक्रवार की शाम ट्रक की चपेट में आने से घायल व्यापारी अनूप रावत (53) की रविवार को ट्रामा सेंटर वाराणसी में मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ज्ञानपुर के बड़ाडीह निवासी अनूप रावत पाइप का कारोबार करते थे। शुक्रवार की शाम को बाइक से औराई की तरफ जाते समय वह अमवां के पास ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गए थे। गोपीगंज सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने रेफर कर दिया था। औराई के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर लेकर गए थे, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के दो बेटे हैं।