लालानगर (भदोही)। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के मिर्जापुर मार्ग पर नरउर गांव के समीप दबंगों ने मामूली बात पर तीर्थ यात्रियों से भरी बस के चालक और खलासी से मारपीट की। आरोप है कि दबंगों ने बीचबचाव करने पहुंचे तीर्थयात्रियों की भी पिटाई कर दी। इसमें दो यात्री घायल हो गए। दबंगों ने बस का शीशा तोड़ दिया। छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले से तीर्थ यात्रियों से भरी टूरिस्ट बस में 60 से अधिक यात्री जगह-जगह दर्शन पूजन करते हुए विंध्याचल धाम गए। वहां से दर्शन करने के बाद अयोध्या धाम दर्शन करने के लिए मिर्जापुर से निकल पड़े। गोपीगंज कोतवाली के नरउर गांव के समीप बीच सड़क पर एक ऑटो और एक कार चालक आपस में किसी बात पर विवाद कर रहे थे। दोनों वाहन सड़क पर खड़े हो जाने के कारण लंबा जाम लग गया था। इस दौरान जब बस के चालक अतुल शर्मा निवासी कानपुर ने वाहन चालकों से सड़क से गाड़ियों को हटाने के लिए कहा तो वे विवाद करने लगे। आरोप है कि दो अज्ञात लोगों ने चालक के अलावा खलासी प्रखर महेश्वरी निवासी कानपुर को मारपीट कर घायल कर दिया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। गोपीगंज कोतवाली पुलिस ने घायलों का उपचार कराया और घटनास्थल पर पहुंच कर मौके की जांच पड़ताल कर सीसीटीवी वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने में जुट गई। गोपीगंज कोतवाल शैलेष कुमार राय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज निकाला जा रहा है। जांच पड़ताल की जा रही है।