सर्रोई में अवैध प्लाटिंग लेआऊट पर बुलडोजर की कार्रवाई करते बीडा कर्मी। स्रोत-संवाद
सर्रोई/भदोही। भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) ने सोमवार को तीन अवैध प्लाटिंग ले-आउट पर बुलडोजर चलाया गया। पुलिस और अधिकारियों की उपस्थिति में तीन अलग-अलग अवैध प्लाटिंग ले-आउट जमींदोज कर दिए गए। यह तीनों ले-आउट 9200 वर्ग मीटर परिक्षेत्र में विकसित किए गए थे। इसमें कई प्लाट बेचे जा चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि डेवलपर्स को अगस्त महीने से ही नोटिस दी जा रही थी, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुआ। भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र सर्रोई में तीन जगहों पर अवैध तरीके से लेआउट विकसित किया गया था। बीडा के अनुसार काजीपुर निवासी मोहम्मद सादाब, अबु कैफ व जैशुम इस्लाम निवासी निजामपुर ने 3600 वर्ग मीटर, शमशेर अली, नसीम अहमद, मुबारक अली व मासूम अली निवासी सर्रोई ने 2100 वर्ग मीटर और पूर्व प्रधान कमलधर व सुंदरलाल निवासी सर्रोई ने लगभग 3500 वर्ग मीटर में अवैध रूप से भू-विन्यास (ले-आउट) विकसित कर लिया था। बीडा की उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि इन लोगों को कारण बताओ नोटिस व विकास कार्य रोकने का आदेश जारी कर किया गया। उपस्थित होने का अवसर भी दिया गया था, लेकिन वे कार्यालय में उपस्थित होकर अपनी बात नहीं रखे। इसके बाद सोमवार को मुख्य कार्यपालक अधिकारी, जिलाधिकारी शैलेष कुमार के नामित मजिस्ट्रेट एसडीएम (न्यायिक) की उपस्थिति में तीनों अवैध ले-आउट को ध्वस्त कर दिया गया। इस मौके पर बीडा के विक्रय प्रबंधक अमिताभ रंजन दास, अधिशासी अभियंता आरडी भारती, तथा जेईगण प्रदुम्न सिन्हा, आदित्य यादव, द्विवेश मिश्रा, आशीष कुमार मौजूद रहे।