ज्ञानपुर। बीएसएनएल की सेवा आए दिन ध्वस्त हो जा रही है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को वाराणसी के समीप केबल कटने व बॉक्स में खराबी के कारण दिन भर सर्वर खराब हो गया। इसका प्रभाव विभागीय कार्यालय में कामकाज पर जहां पड़ा वहीं उपभोक्ता भी परेशान रहे। शाम साढ़े पांच बजे सर्वर ठीक होने पर व्यवस्थाएं सुचारू हो पायी।
अपनी लचर सेवा के लिए पहले से ही चर्चित बीएसएनएल इन दिनों उपभोक्ताओं के लिए सिरदर्द बना हुआ है। बार बार सर्वर डाउन होने से मोबाइल नेटवर्किंग जहां ध्वस्त हो जाती है वहीं ब्राडबैंड भी काम करना बंद कर देता है। बात करते करते फोन कट जाना तो आम बात है। सप्ताह में दो से तीन दिन दो से तीन घंटे खराबी से लोगों को दो-चार होना पड़ता ह। शनिवार को तो हद हो गई। पूरे दिन सर्वर न होने से लोगों को परेशान होना पड़ा। सरकारी से लेकर निजी दफ्तरों में कामकाज प्रभावित हुआ। जरूरी कार्य को लोग वैकल्पिक व्यवस्था से पूर्ण किया। बीएसएनल क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी की अधिकारी के अनुसार बॉक्स में तकनीकी दिक्कत के कारण नेटवर्क में समस्या हुई। वहीं वाराणसी के पास केबल भी कटा हुआ था। हालांकि कर्मचारियों ने उसे दुरूस्त कर सेवा बहाल कराया।