कोइरौना थाना क्षेत्र के भीखीपुर गांव में बुधवार की रात भूमि विवाद को लेकर तीन भाइयों में विवाद हो गया। इस दौरान हुई मारपीट में एक भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था तभी रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मृतक के पुत्र की तहरीर पर दो भाइयों सहित कुल चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो फरार हैं। मायाराम गौतम(55) पुत्र वंशराज गौतम से उनके दो अन्य भाइयों का जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। बुधवार की रात करीब 11 बजे मायाराम गौतम घर पहुंचे। उसी समय बड़े भाइयों में हरिराम व दयाराम से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट होने लगी। मारपीट के दौरान किसी ने लाठी से वार कर दिया और मायाराम लहूलुहान होकर गिर पड़े। गंभीर स्थिति में उन्हें रात में ही पास के अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक खुर्शीद अंसारी ने बताया कि पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक मायाराम के पुत्र बबलू की तहरीर पर बड़े भाइयों हरिराम, दयाराम व दो भतीजे धर्मेंद्र व सुनील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापा मारने की कार्रवाई की जा रही है। दो आरोपी पकड़ लिए गए हैं। मामला जमीन विवाद से जुड़ा है।