गोपीगंज सीएचसी में भर्ती चकनिरंजन गांव में मारपीट में घायल युवक।
- फोटो : BHADOHI
लालानगर। गोपीगंज थानाक्षेत्र के चकनिरंजन गांव में जमीन संबंधी विवाद को लेकर पट्टीदारों के बीच मंगलवार को खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान जमकर लाठियां चलीं। ईंट-पत्थर और गड़ासे चले। मारपीट में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। हालत चिंताजनक देखते हुए दो लोगों को अन्यत्र रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि मंगलवार को सुबह जमीन संबंधी विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के बीच नोकझोंक हो गई। थोड़ी ही देर में बात लाठी-डंडे और गड़ासे तक पहुंच गई और दोनों पक्षों से जमकर मारपीट शुरू हो गई। इसमें एक पक्ष से शिव बहादुर उपाध्याय (35) पुत्र कन्हैयालाल उपाध्याय, रामबहादुर (55), प्रेम बहादुर उपाध्याय (22), नवरंगी देवी (60), पंचवटी देवी (37) पत्नी विजय बहादुर, रामदुलारी (34) पत्नी शिव बहादुर और दूसरे पक्ष से रामलाल (45), रामबाबू उपाध्याय (32) घायल हो गए। वहीं गंभीर रूप से घायल शिव बहादुर उपाध्याय और राम बहादुर उपाध्याय को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, जिसमें शिव बहादुर उपाध्याय की हालत ज्यादा गंभीर बताई जाती है। घटना के संबंध में दोनों पक्षों ने गोपीगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। राम बहादुर ने आरोप लगाया कि गांव के एक व्यक्ति ने ललकार कर परिवारों के बीच मारपीट करवाई है।