चौरी। भदोही-वाराणसी मार्ग पर कंधिया गांव के पास रविवार की रात बोलेरो व मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं बाइक पर बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल को भदोही के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार की रात वाराणसी जिले के सिखड़ी थाना कपसेठी निवासी बाइक सवार अलगू राजभर (27) अपने साथी बरकी निवासी अजय बिंद (28) के साथ भदोही से अपने घर जा रहे थे। इसी बीच जैसे ही कंधिया गांव के पास पहुंचे सामने से आ रही बोलेरो से जोरदार टक्कर हो गई। जिससे अलगू राजभर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अजय बिंद को एम्बुलेंस से भदोही के महाराजा बलवंत सिह चिकित्सालय में भर्ती कराया।घटना के बाद चालक बोलेरो छोड़कर मौके से फरार हो गया । पुलिस ने शव की शिनाख्त करने के बाद उसके परिजनों को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंचे चौकी इंचार्ज अविनाश तिवारी ने बताया कि घायल को अस्पताल में भर्ती कराने के उपरांत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कहा कि फरार चालक की तलाश की जा रही है और दोनों वाहन पुलिस के कब्जे में है।