ज्ञानपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षाफल करीब पखवारे भर पूर्व जारी हो चुका है, लेकिन अभी तक मार्कशीट नहीं आई। तकनीकी शिक्षण संस्थानों में प्रवेश को लेकर अभिभावक परेशान हैं।
जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में 60 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए। बोर्ड ने 25 अप्रैल को परीक्षाफल जारी कर दिया। जिसमें हाईस्कूल और इंटर के करीब 50 हजार छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। परिणाम आने के बाद छात्र-छात्राएं स्नातक संग तकनीकी शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए दौड़ भाग शुरू कर दिए हैं, लेकिन अभी तक मार्कशीट न आने से उनकी चिंता बढ़ने लगी है। राजकीय सहित कुछ प्रमुख कॉलेजों में सीटें कम हैं जिससे देरी होने से प्रवेश पाना मुश्किल हो जाएगा। जिससे अभी से ही अभिभावक सीट बुक कराना चाहते हैं, लेकिन मार्कशीट न होने से उनकी परेशानी बढ़ रही है। इंटर में उत्तीर्ण छात्र वैभव यादव, संतोष कुमार ने बताया कि मार्कशीट अभी तक नहीं आई है। जिससे पॉलिटेक्निक और आईटीआई में प्रवेश नहीं ले सका। जिला विद्यालय निरीक्षक विकायल भारती ने कहा कि अभी तक बोर्ड से कोई दिशा-निर्देश नहीं मिला है। महीने के अंत तक मार्कशीट आने की उम्मीद है।