ज्ञानपुर। जिले में बोर्ड परीक्षा शुरू होने से पहले ही मूल्यांकन केंद्र बनाने की कवायद शुरू हो गई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से शिक्षा विभाग से सूची मांगी है। विभाग की ओर से जीआईसी और नेशनल इंटर कॉलेज भदोही का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट और इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की कॉपियां जांची जाएंगी। जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होंगी। 94 केंद्रों पर होने वाली परीक्षा में करीब 54 हजार छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। बोर्ड परीक्षा खत्म होने के बाद कॉपियों का मूल्यांकन शुरू होगा। सूबे के अलग-अलग जिलों की कॉपियां मंडलवार क्षेत्रों में भेजी जाती हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज और इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज को मूल्यांकन केंद्र बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जल्द ही परिषद के पास प्रस्ताव भेजा जाएगा। परीक्षा के दौरान ही स्वीकृति मिल जाएगी। उसके बाद परीक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने बताया कि विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज और इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज में मूल्यांकन कार्य सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगा। इससे पारदर्शिता कायम रहे। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा खत्म होने पर मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अभी फिलहाल प्रायोगिक और बोर्ड परीक्षा की तैयारी चल रही है।