ज्ञानपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से चल रही हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा शनिवार को समाप्त हो गई। इसी के साथ अब मूल्यांकन को लेकर तैयारी शुरू हो चुकी है। अंतिम दिन इंटरमीडिएट में संस्कृत समेत सामान्य विषयों की परीक्षा हुई। जिसमें 150 से अधिक छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। पहली बार पूरी परीक्षा में कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। जिले में 22 फरवरी से बोर्ड परीक्षा शुरू हुई। 96 केंद्रों पर चल रही परीक्षा में कुल 56 हजार छात्र-छात्राएं पंजीकृत रहे। शुरूआत से ही परीक्षा पर शिक्षा विभाग से लेकर प्रशासनिक अफसरों की विशेष नजर रही। करीब पखवारे भर तक चली परीक्षा शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुई। अंतिम दिन शनिवार को पहली पाली में हाईस्कूल उर्दू में पंजीकृत 260 छात्र-छात्राओं में 16 अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट व्यवसायिक शिक्षा में 176 में नौ गैरहाजिर रहे। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट संस्कृत, कृषि गणित की परीक्षा में कुल 3012 छात्र-छात्राओं में 150 अनुपस्थित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक विकायल भारती ने कहा कि परीक्षा के दौरान कोई भी छात्र अनुचित साधन के साथ नहीं पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि अब 16 मार्च से शुरू होने वाले मूल्यांकन की तैयारी की जाएगी।