ज्ञानपुर। जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 85 विद्यालयों को केंद्र बनाया है। तीन दिन पूर्व अनंतिम सूची जारी होने के बाद से ही शिक्षा विभाग में हलचल बढ़ गई है। सूची में कई नामचीन विद्यालयों के नाम गायब हैं। इससे उनके प्रबंधकों ने आपत्ति दर्ज कराने के साथ ही गणेश परिक्रमा शुरू कर दी है। वे सुबह से शाम तक डीआईओएस कार्यालय के आसपास वह मंडराते दिख जाते हैं। बोर्ड परीक्षा 2024-25 के लिए 94 विद्यालयों को केंद्र बनाया गया था। इसके सापेक्ष इस बार परिषद की ओर से जारी अनंतिम सूची में महज 85 विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है। ऐसे में कई ऐसे स्कूल भी सूची से बाहर हो चुके हैं, जो हर हाल में विद्यालय को केंद्र बनाना चाहते हैं। अभी आपत्ति दर्ज कराने के लिए दिए गए चार दिसंबर तक मौका दिया गया है। उधर कुछ विद्यालय ऐसे हैं, जिनके बच्चों का केंद्र मानक से तय दूरी से अधिक दूर के विद्यालयों को बना दिया गया है। कई विद्यालय जो हर साल केंद्र बनते थे वे इस बार कट गए हैं। इससे उनके प्रबंधक विद्यालयों को केंद्र बनाने के लिए जोर आजमाइश में लगे हैं। आपत्ति दर्ज कराने के साथ ही वे विभागीय अफसरों से लेकर कर्मचारियों तक से तालमेल बिठाने में जुटे हैं। डीआइओएस अंशुमान ने कहा कि विद्यालयों की ओर से आने वाली आपत्तियों के निस्तारण जिलाधिकारी की ओर से गठित समिति की ओर से किया जाएगा। उसके बाद केंद्र का अंतिम निर्धारण होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्य चार दिसंबर तक परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।