ज्ञानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा फरवरी-मार्च में संभावित है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 26 नवंबर तक केंद्रो की सूची जारी होगी। अधिकारियों ने बताया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में छात्र-छात्राओं की संख्या करीब पांच हजार तक घट गई है। अनुमान जताया कि पिछले सत्र की अपेक्षा इस बार जिले में 10 केंद्र कम बनाए जाएंगे।
जिले में 38 राजकीय, 25 वित्तपोषित समेत कुल 193 माध्यमिक एवं इंटर कॉलेज हैं। हर साल माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से फरवरी-मार्च में बोर्ड परीक्षा कराई जाती है। 2022-23 सत्र की परीक्षा फरवरी में होने के बाद मई में रिजल्ट घोषित किया गया। 2023-24 में होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए छात्र-छात्राओं की तस्वीर सितंबर में ही साफ हो गई थी। डीएम के निर्देश पर गठित अधिकारियों की टीम ने स्कूलों का सत्यापन भी पूर्ण कर लिया। इसके बाद अक्तूबर में ऑनलाइन रिपोर्ट भेज दी गई। 31 अक्तूबर तक केंद्रो का निर्धारण होना था, लेकिन कुछ जिलों से अपलोडिंग का कार्य पूर्ण न होने से परिषद ने तिथि को बढ़ा दिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक विकायल भारती ने बताया कि केंद्रो का निर्धारण अब 26 नवंबर तक होगा। उन्होंने बताया कि 2023 की अपेक्षा इस बार छात्र-छात्राओं की संख्या पांच हजार कम है। जिससे 105 के बजाए 95 केंद्र बनाए जाने की संभावना है। माध्यमिक शिक्षा विभाग के मुताबिक बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल में 30 हजार 153 और इंटरमीडिएट में 25 हजार 812 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
इनसेट
नवोदय में आनलाइन आवेदन अब सात तक
ज्ञानपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय में नौवीं एवं 11वीं के पार्श्व प्रवेश परीक्षा के लिए तिथि बढ़ा दी गई है। अब छात्र-छात्राएं विद्यालय की वेबसाइट पर सात नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक विकायल भारती ने बताया कि पूर्व में 31 अक्तूबर तक अंतिम तिथि तय की गई थी, लेकिन छात्र-छात्राओं की सहूलियत के लिए अब सात नवंबर तक प्रवेश परीक्षा के लिए समय तय किया गया है।