कोतवाली क्षेत्र के नई बाजार में बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे वाहन जांच के दौरान अभद्रता करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया था। थोड़ी ही देर के बाद वहां कई लोगों के साथ पहुंचे भाजपा के एक सभासद जबरदस्ती युवक को छुड़ा लिए। इसकी जानकारी जब अधिकारियों को लगी तो पुलिस भेजकर सभासद और आरोपी युवक दोनों को हिरासत में लिया गया। सीओ मौके पर पहुंचकर जांच भी शुरू कर दिए। उधर, मोहल्ले के लोगों ने पुलिस पर भी पिटाई का आरोप लगाया। कहा कि जांच के दौरान पहले युवक केे चौकी इंचार्ज ने थप्पड़ मारा। यह देख पास में खड़ा दुसरा युवक वीडियो बनाने लगा, इसपर उसकी भी पिटाई की।
पुलिस के अनुसार, नई बाजार चौकी प्रभारी मनोज राय वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक वाहन से पहुंचा। उसे चौकी इंचार्ज ने रोका तो वह अभद्रता करना शुरू कर दिया। इस पर चौकी प्रभारी ने उसे बैठा लिया। थोड़ी ही देर के बाद इसकी जानकारी नई बाजार नगर पंचायत के वार्ड संख्या एक के सभासद दीनानाथ सोनकर को हुई। आरोप है कि मोहल्ले के कुछ अन्य लोगों को साथ लेकर सभासद दीनानाथ जांच स्थल पर पहुंच गए। वहां से युवक को जबरदस्ती छुड़ाकर ले गए। इस दौरान भीड़ ने चौकी प्रभारी को घेर भी लिया था, ऐसे में अनहोनी की आशंका को भांपते हुए चौकी प्रभारी पास की एक दुकान में चले गए। घटना के बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी अजय चौहान और कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। मामले की जांच की जा रही है। सीओ ने बताया कि इस मामले में सभासद दीनानाथ सोनकर और वाहन चालक युवक को हिरासत में ले लिया गया है। बताया कि वाहन जांच के दौरान युवक को चौकी इंचार्ज द्वारा थप्पड़ मारने की बात भी सामने आ रही है। इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने कहा कि वाहन जांच के दौरान अभद्रता करने वाले युवक को चौकी प्रभारी ने बैठा लिया था। बाद में एक सभासद आए और छुड़ाकर ले गए। सीओ मामले की जांच कर रहे हैं।