ज्ञानपुर। अपर निदेशक पशुपालन विंध्याचल मंडल राजीव कुमार गुप्ता ने शनिवार को टीम के साथ रामपुर घाट गांव में संचालित पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण किया। बर्ड फ्लू के मद्देनजर हिदायत दी कि बीमारी की रोकथाम के लिए प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइन की अनदेखी करने वाले संचालक और दुकानदार चिह्नित किए जाएंगे। सुधार न आने पर विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तीन दिन में 10-12 की संख्या में मरने वाले पक्षियों के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में अभी तक बर्ड फ्लू का कोई असर नहीं है। मौसम में होने वाले उतार-चढ़ाव के कारण ठंड की चपेट में बेजुबान पक्षियों की मौत होना आम बात है। जिले में 40 निजी और अनुदान पर दो फार्म संचालित हो रहे हैं, जिनमें पल रहे मुर्गी-मुर्गियों के उचित रखरखाव, इलाज में सावधानियां बरतने पर बचा जा सकेगा। पोल्ट्री फार्म से दुकानों पर पहुंचने पर दुकानदारों की ओर से साफ-सफाई, दुकानों को खोलने से पहले चूने आदि का छिड़काव होने से शंका दूर होगी। बीमारी के फैलने के लक्षण, बचाव से संबंधित उपाय के लिए छह टीमों में शामिल 35 सदस्य फार्म संचालकों और छोटी-बड़ी बाजारों पर निगरानी रख रहे हैं। बाजारों में गंदगी वाले स्थानों पर अंडा, मांस की बिक्री की शिकायत मिली है। दुकानदारों के खिलाफ विभागीय शिकंजा कसा जाएगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फार्म के एक छोर से दूसरे छोर तक निरीक्षण कर संतोष जताया। टीम में सीवीओ डॉ. जेडी सिंह समेत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।