चौरी। भदोही- वाराणसी मार्ग पर रोटहां के पास बृहस्पतिवार को दोपहर में स्कूटी सवार महिला के गले से चेन छिनैती का मामला सामने आया है। महिला के गले से चेन छीनकर बदमाश भदोही की तरफ भाग निकले। दिन दहाड़े हुई घटना से राहगीरों में दहशत है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भदोही नगर के कटरा बाजार निवासी बिहारीलाल गुप्ता किराना की दुकान चलाते हैं। तहरीर के मुताबिक बृहस्पतिवार को दोपहर दो बजे वह अपनी पत्नी उर्मिला के साथ वाराणसी के राजातालाब के लिए निकले थे। जैसे ही स्कूटी से रोटहां के पास पहुंचे। उसी दौरान पीछे से आ रहे नकाबपोश बदमाश नजदीक पहुंचते ही उसकी पत्नी के गले की सिकड़ी छीन लिए । जब तक बिहारीलाल अपनी स्कूटी को रोकते बाइक सवार बदमाश वापस भदोही की तरफ फरार हो गए। हालांकि इस दौरान पीड़ित ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे।
लबे रोड और बस्ती के बीच बदमाशों के इस दुस्साहस से ग्रामीण हैरान हैं। पीड़ित ने बताया कि घर से निकलने के बाद कालोनी मोड़ स्थित टंकी से पेट्रोल लेकर सीधे निकला था। पत्नी के गले में 20 ग्राम सोने की सिकड़ी थी, जिसे बदमाश छीनकर फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि मार्ग पर लगे विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज तलाशे जा रहे हैं। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे ।