दुर्गागंज थाने के घायल उपनिरीक्षक । स्रोत जागरूक पाठक
दुर्गागंज। थाने में तैनात उपनिरीक्षक बुधिराम यादव (52) बृहस्पतिवार की देर शाम बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। वे थाने के गेट के सामने खड़े थे। इस बीच एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी है। मऊ जिले के मधुबन थानाक्षेत्र के भिटिया गांव निवासी बुधिराम यादव बृहस्पतिवार की शाम दशहरा ड्यूटी पर जाने के लिए थाने से निकले थे। इस बीच सुरियावां कोतवाली के चकखुशहाल निवासी इंद्रजीत यादव तेज गति से बाइक लेकर आ रहा था। अचानक वह अनियंत्रित होकर उसने उपनिरीक्षक को जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इंद्रजीत को भी हल्की चोटें आई। पुलिस ने इंद्रजीत व उसकी बाइक को कब्जे में ले लिया। वहीं उपनिरीक्षक को पास के अस्पताल में पहुंचाया। जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक के सिर में गंभीर चोट लगी है। तीन टांके चले हैं। हालांकि अब वह खतरे के बाहर बताए जा रहे हैं। बताया कि बाइक को कब्जे में लेकर चालक पर मुकदमा दर्ज किया गया है।