सुरियावां थानाक्षेत्र के कुशौली गांव के पास बृहस्पतिवार की देर रात बाइक सवार युवक विद्युत पोल से टकरा गए। इसमें गोपीगंज के थानीपुर निवासी राज बिंद की मौत हो गई जबकि उसका साथी घायल हो गया। खबर मिलने पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
गोपीगंज के थानीपुर गांव निवासी राज बिंद (25) पुत्र रामनिहोर और पड़ोसी प्रद्युम्न बिंद (18) पुत्र श्यामधर बृहस्पतिवार शाम को एक ही बाइक से अपनी मौसी को उसकी ससुराल अमिलहरा पहुंचाने गए थे। जहां मौसी को छोड़कर देर रात वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही कुसौली मार्ग पर पहुंचे बाइक अनियंत्रित होकर मार्ग के किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गई। सिर में गंभीर चोट लगने से बाइक चला रहे राज बिंद की मौके पर ही मौत हो गई जबकि प्रद्युम्न गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। घायल प्रद्युम्न को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुरियावां पुलिस ने राज बिंद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाई और एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी। दो मई को मृतक का बड़ा भाई घर में ही फांसी लगाकर मौत को गले लगा लिया था। एक महीने के अंदर घर में दूसरी मौत से परिवार वालों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक वायरिंग का काम करता था।