ऊंज। थाना क्षेत्र के सूफीनगर-गोधना मोड़ के पास राजमार्ग पर खड़े ट्रक से टकराकर बाइक सवार युवक शरद मिश्रा (23) निवासी कुलमनपुर की मौत हो गई और विकास तिवारी (24) निवासी जोगापुर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। निजी अस्पताल में भर्ती घायल विकास तिवारी की हालत खराब होने पर चिकित्सकों ने अन्यत्र रेफर कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि वाराणसी से प्रयागराज की ओर पौधे लादकर जा रहा ट्रक जंगीगंज हाट गोदाम के सामने खराब होकर खड़ा था। दूसरे दिन बुधवार को पौधे दूसरे ट्रक पर भेज दिया गया लेकिन खराब ट्रक को नहीं हटाया जा सका। देर रात शरद और विकास बाइक संख्या यूपी 65जी2687 से वहिदानगर की ओर जा रहे थे उसी दौरान खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार देने से दोनों बाइक समेत घायल हो गए। रात होने के कारण जब तक लोग कुछ कर पाते शरद की मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक एसके त्रिपाठी ने कहा कि ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।