भदोही। बच्चा चोरी की अफवाह को लेकर इन दिनों लोग खासे परेशान हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में तो रतजगा हो रहा है। तमाम अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने से डर रहे हैं। बच्चा चोरी की अफवाह उड़ते ही लोग घरों से बाहर निकल जा रहे हैं। खास बात यह है कि कुछ हासिल नहीं होने के बाद भी लोग अफवाहों को हवा देने से नहीं चूक रहे हैं। कई गांवों से खबरें मिल रही हैं कि महिलाएं अपने लाडलों को स्कूल नहीं भेज रहे हैं। इसको लेकर पुलिस भी परेशान हैं। अकेले भदोही कोतवाली क्षेत्र में तीन केस ऐसे हुए हैं, जिसमे बच्चा चोर समझ कर किसी की पिटाई कर पुलिस के हवाले किया गया है। पुलिस ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। असनाव पुलिस चौकी क्षेत्र के उधवां माफी, मल्लूपुर, झींगुरपुर, बनपुरवां आदि गावों में लोग रात को सो नहीं पा रहे हैं। उन्हें भय है कि बच्चा चोर आ सकता है। लोगों ने बताया कि सोमवार को भोर में एकाएक शोर मचा कि बच्चा चोर दंपति आया है। खेतों में देखा गया है। फिर क्या था सभी घरों से निकल आए और चोर को ढूंढते ढूंढते भदोही औराई मार्ग तक पहुंच गए लेकिन कोई नहीं दिखा। कई गावों में तो बच्चो चोर का भय इस कदर है कि लोग बच्चों को स्कूल नहीं भेज रहे हैं। उधवां के रमाशंकर यादव पप्पू, मदनलाल यादव, समाचार पत्र विक्रेता संतोष यादव ने बताया कि हम लोग तो अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेज रहे हैं।