भदोही। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की ओर से चलाए जा रहे क्रमिक आंदोलन के तहत जिला इकाई ने मंगलवार को जिले के तीनों तहसीलों में धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद सायं 6 बजे अपनी मांगों के समर्थन में कैंडल जूलूस भी निकाला। भदोही तहसील में आयोजित धरने में तहसील अध्यक्ष प्रियानंद श्रीवास्तव ने कहा कि लेखपाल प्रशासन के महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। लेकिन शासन से उपेक्षा के शिकार हैं। कहा परिषद व शासन स्तर पर अब तक हुई वार्ताएं विफल हुई हैं। जबकि समय समय पर सरकार ने हम लोगों को भरोसा दिलाया था। हमारी मांगें का समाधान नहीं होने से प्रांतीय आह्वान पर 5 नवंबर से आंदोलन चल रहा है। मंगलवार को तहसील में धरना देकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। शाम को कैंडिल मार्च भी निकाला गया। मार्च के दौरान कहा गया निजी वाहन का इस्तेमाल सरकारी कार्य में उपयोग नहीं करेंगे। इसी दौरान 5 दिसंबर को होने वाले विधानसभा घेराव कार्यक्रम में सहभागिता पर भी विचार किया गया। तय किया गया कि लोग 4 दिसंबर को लखनऊ रवाना होंगे। धरना और मार्च निकालने में कामेश्वर मिश्र, आंनद कश्यप, अमन मौर्य, मोहन लाल यादव, अनुराग चौधरी, अखिलेश तिवारी, विनीत सिंह, हरिकेश पांडेय, राजेश सिंह, राजेश यादव, रवींद्र सिंह आदि शामिल रहे। इसी तरह ज्ञानपुर और औराई तहसील में लेखपालों ने धरना देकर अपनी मांगो के लिए आवाज बुलंद की।