मोढ़/चौरी। बरदहवां विद्युत उपकेंद्र से जुड़े भिखारीरामपुर फीडर अंतर्गत रबरनपुर गांव में 15 दिनों से जमीन पर गिर चुके ट्रांसफार्मर और पोल के न खड़े हो पाने से क्षेत्रवासियों को बिजली मिल पाना असंभव बना हुआ है तो चौरी के अनेगपुर में जल चुके ट्रांसफार्मर के अभाव में लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बताया जाता है रबरनपुर निवासी आशुतोष पांडेय के घर के समीप लगा ट्रांसफार्मर व हाईटेंशन तार गिरा अभी तक गिरा हुआ है जिससे यादव बस्ती व दलित बस्ती पूरी तरह से अंधेरे में रहकर विभाग को कोस रही हैं। गांववासियों ने कहा कि कई बार अधिकारियों-कर्मचारियों को सूचना देने के बाद भी कोई पहल नहीं हो पा रही है। दो दिन में व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो सकी तो लोग अधिशासी अभियंता के घेराव को विवश होंगे। इसी तरह शुक्रवार को अनेगपुर वासियों ने विभाग पर मनमानी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया कि आए दिन विभागीय कमी के कारण ब्राह्मण और यादव बस्ती की बिजली हमेशा गुल हो जाती है। मोमिनपुर में लगे ट्रांसफार्मर से लोग आजिज आ चुके हैं। जंगली झुरमुटों को न हटाने से ट्रांसफार्मर न चाहकर भी फूंकते रहते हैं। ट्रांसफार्मर अगर सड़क के किनारे लगा दिया जाए तो आने वाली खराबी से छुटकारा मिलेगा ही उपभोक्ताओं को समस्या से निजात मिलती रहेगी। प्रदर्शन करने वालों में राजेश दुबे, राधाकृष्ण दुबे, गिरजा शंकर, शिवबली, पंकज दुबे, कमलेश दुबे, रिंकू दुबे आदि रहे।