ज्ञानपुर। वारंटी समय में ही खराब हुई बैटरी बदलने में आनाकानी करने पर जिला उपभोक्ता वाद प्रतितोष आयोग ने ऑटो मूवर्स कंपनी पर 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। आयोग ने उपभोक्ता को नई बैटरी भी देने का आदेश दिया। उपभोक्ता के स्कूटी की बैटरी 17 माह में ही खराब हो गई थी।
जिला उपभोक्ता आयोग के रीडर स्वतंत्र रावत ने बताया कि परिवादी ओम प्रकाश यादव निवासी पुलिस लाइन ज्ञानपुर ने 29 अप्रैल 2024 को विवेक गुप्ता पार्टनर ऑटोमोबाइल हीरो इलेक्ट्रिक स्कूटी शोरूम आनंद नगर मेन रोड भदोही और प्रधान प्रबंधक हीरो इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल्स प्राइवेट लिमिटेड प्रधान कार्यालय गुड़गांव हरियाणा को पक्षकार बनाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। बताया था कि उसने 10 मई 2022 को विपक्षी दो की ओर से निर्मित दो पहिया स्कूटर इलेक्ट्रिकल वाहन विपक्षी संख्या एक से एक लाख 1229 रूपये में क्रय किया। बैटरी 17 माह के अंदर ही खराब हो गई, लेकिन वारंटी पीरियड के बावजूद दुकानदार ने नई बैटरी नहीं दिया। आयोग ने विपक्षी को उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम में निहित प्रावधानों के तहत नोटिस जारी की गई, लेकिन विपक्षी संख्या एक ने नोटिस को लेने से इंकार किया। आयोग के अध्यक्ष संजय कुमार दे और सदस्य विजय बहादुर सिंह की पीठ ने परिवादी के अधिवक्ता प्रदीप कुमार श्रीवास्तव की बहस सुनी। जिसके बाद आयोग ने ऑटो मूवर्स कंपनी को आदेश किया कि एक महीने में परिवादी को विक्रय किए गए इलेक्ट्रिकल स्कूटर की लिथियम आयन बैट्री को बदलकर नई बैटरी प्रदान करें। इसके अलावा सेवा में कमी के लिए 30 हज़ार का जुर्माना भी लगाया।