एडीएम न्यायिक विजय नारायण सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सलाहकार समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की अनुदानित योजनाओं पर चर्चा की गई। एडीएम ने बैंकिंग एवं सरकार प्रायोजित योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान ऋण-जमानुपात बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) को अधिक संख्या में बनाने के लिए बैंक के अधिकारियों को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। स्वयं सहायता समूह, पीएम सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद , प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की योजनाओं का लक्ष्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। कहा कि शिकायतों में कमी लाने के लिए बैंक उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। इस मौके पर अग्रणी जिला प्रबंधक अमित कुमार गुप्ता, भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ अशोक कुशवाहा, नाबार्ड के डीडीएम राम यादव माैजूद रहे। संवाद