सुरियावां ब्लॉक कार्यालय में प्रदर्शन करते बलिभद्रपुर के ग्रामीण। संवाद
- फोटो : BHADOHI
सुरियावां। ब्लाक के बलिभद्रपुर गांव निवासियों ने सोमवार को सेक्रेटरी पर राशन कार्ड काटने का आरोप लगाकर ब्लाक मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कहा कि यदि इसे दुरुस्त नहीं किया गया तो ग्रामीण जिलाधिकारी का घेराव करेंगे। ग्राम प्रधान सुनील यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहें ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सेक्रेटरी रेखा मौर्या ने 54 ऐसे राशन कार्डों को सूची से काट दिया है जो पात्रता की औपचारिकता पूरी करते हैं और मजदूरी-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इतना ही नहीं प्रति माह कोटे की दुकानों से मिलने वाले सशुल्क, नि:शुल्क राशन से भी वंचित किया जा रहा है। जबकि राशन कार्ड को पात्रता सूची से काटते समय ग्राम प्रधान, कोटेदार को सूचित करना चाहिए था जो नहीं किया गया। ऐसे कार्डधारकों के खिलाफ न ब्लाक प्रशासन कोई कदम उठा रहा है न सेक्रेटरी अपात्रता दिखाने की हिम्मत जुटा सके हैं। अधिकारियों को मांग पत्र देकर कहा कि पात्रता सूची से कटे 54 राशन कार्ड को शामिल नहीं कराया जा सका तो ग्रामीण डीएम का घेराव करने के लिए मजबूर होंगे। इस मौके पर अखिलेश दुबे, विनय दीक्षित, अच्छेलाल, रफीक अली, रमेश गुप्ता, सेवालाल यादव, श्याम यादव आदि रहे। डीएसओ सीमा सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी।