बाढ़ और बारिश के बाद जिले की अधिकतर सड़कें खराब हो चुकी हैं। जगह-जगह बने गड्ढों से निकलना मुश्किल हो रहा है। इसे ठीक करने के लिए अब लोक निर्माण विभाग गड्ढामुक्त अभियान चलाएगा। वहीं पांच वर्ष में लगभग 10 करोड़ रुपये जलनिकासी और अतिक्रमण हटाने के नाम पर खर्च कर दिया है, लेकिन 15 करोड़ से अधिक लागत वाली दर्जन भर से अधिक प्रमुख सड़कों की समस्या दूर नहीं हो सकी। राहगीर बबलू, सुनील कुमार, सुशील, आशू ने बताया कि शासन के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी ने कोनिया क्षेत्र को जोड़ने के लिए जंगीगंज-धनतुलसी, औराई-भदोही, गोपीगंज-चील्ह, वहिदानगर-मतेथू, ऊंज-कलिंजरा, सुभाषनगर-रोही, दुर्गागंज-भदोही, सरोई-औराई मार्गों का निर्माण इस शर्त पर कराया था कि कार्यदाई संस्था नाली के साथ पटरी को अतिक्रणमुक्त कराकर ही हैंडओवर करेंगे जो नहीं हो सका। हल्की बारिश में भी कोइरौना बाजार, उगापुर, सरोई, नईबाजार, बीरमपुर, ठकुराईन क तारा आदि स्थानों पर सड़कें नाली के अभाव में खराब हो रही हैं। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता एसबी राव ने कहा कि सड़कों खराब होने की शिकायत मिली है। जल्द ही गड्ढामुक्त अभियान से जोड़कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।