मरम्मत न होने से टूटी छनौरा-पट्टीबेजांव अभियां मार्ग। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। प्रदेश सरकार ने तीसरी बार गड्ढामुक्ति अभियान की घोषणा कर 15 नवंबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का आदेश दे दिया है। ग्रामीण क्षेत्र की लगभग 15 सौ किमी छोटी-बड़ी सड़कों की हालत खस्ता है। बाइक व अन्य वाहनों की सवारी की बात तो छोड़ ही दीजिए, पैदल चलना भी कष्टकारी है। राहगीरों का कहना है कि सिर्फ घोषणाओं तक अभियान न रहे बल्कि इसका असर दिखना चाहिए। सुरियावां क्षेत्र की बेबी उपाध्याय, रामउजागिर, रामसनेही ने बताया कि सुरियावां- दुर्गागंज मुख्य सड़क से छह किमी एक और सड़क छनौरा से अभिया तक जाती है। इसी सड़क से प्रतिदिन सैकड़ों लोग सुरियावां-दुर्गागंज मुख्य सड़क पहुंच कर गतंव्य की ओर रवाना होते हैं। लगभग 10 वर्ष से छनौरा-अभिया सड़क की सुधि लेने वाला कोई नहीं है। ज्ञानपुर-दुर्गागंज मुख्य सड़क से दुर्गागंज-कुढ़वा तक सात किमी लंबी सड़क बनवाई गई है। राहगीर सिकंदर, धर्मेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क की हालत यह है कि अनगिनत गड्ढे, गंदा पानी, उखड़ी-बिखरीं गिट्टियां कब और कहां अनहोनी का कारण बन जाएंगी, कुछ नहीं कहा जा सकता। डीघ ब्लाक में सूफीनगर-गोधना मोड़ से जंगीगंज रेलवे हाल्ट तक जिला पंचायत ने एक दशक पूर्व लगभग दो किमी सड़क बनवाई थी। मरम्मत न होने से सड़क अब बारिश हो या न हो गंदे पानी से सराबोर होकर आवागमन में बाधक बन रही है। ऊंज से कुरमैचा तक लगभग चार किमी की सड़क प्रयागराज और जौनपुर की सीमा को जोड़ती है। राहगीर बिनोद कुमार, सुधीर कुमार, मोतीलाल, दिनेश ने बताया कि उक्त सड़क से राहगीर साइकिल, बाइक, चार पहिया वाहनों से हाईवे की ओर पहुंच पाते हैं। ज्ञानपुर सदर ब्लाक में गोपीगंज पड़ाव से रामपुर गंगा घाट को जोड़ने वाली दो किमी की सड़क पर इसलिए इंटरलाकिंग बिछाई गई है कि उतना क्षेत्र नगरीय क्षेत्र में पड़ता है। राहगीर सुरेश कुमार, बाबूलाल, अंकुर सिंह, राहुल ने बताया कि इंटरलाकिंग सड़क का रखरखाव लोक निर्माण विभाग करता है। रखरखाव में उपेक्षा होने से गड्ढों का साम्राज्य कायम होता जा रहा है। तीसरी बार की घोषणा में उक्त सड़कों का कायाकल्प होगा या नहीं इसको लेकर भी शंका है। राहगीरों ने सवाल उठाया है कि मात्र एक माह का समय और बजट के अभाव से कार्यदायी संस्थाएं सड़कों को गड्ढामुक्त किस मद से करेंगी। बता दें कि 25 सितंबर को विकास कार्यों का निरीक्षण कर लौटे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के राजधानी पहुंचने पर लोक निर्माण विभाग ने 100 सड़क को विशेष मरम्मत योजना में शामिल कर 25 करोड़ का लागत खर्च शासन से मांगा है। 12 दिन बीतने पर बजट नहीं मिल सका है। जिला पंचायत नौ सड़क के लिए एक करोड़ का इंतजार कर रहा है। पांच माह पूर्व से स्वीकृत 50 सड़क के लिए 15 करोड़ की दरकार लोक निर्माण विभाग को अभी तक है। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एसबी राव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने घोषणा की है तो बजट भी देना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्र की कम लंबाई वाली सड़क को गड्ढामुक्त करने में तीन लाख तक का खर्च आता है। बजट मिलने पर ही सड़कें गड्ढामुक्त हो पाएंगी।
मरम्मत न होने से गड्ढायुक्त हरिहरपुर मार्ग। संवाद- फोटो : BHADOHI
दुर्गागंज- कुढ़वा मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढे। संवाद- फोटो : BHADOHI