चौरी। थाना क्षेत्र के गोड़ापार में सोमवार की देर शाम ऑटो व पिकअप की टक्कर में दंपती घायल हो गए। घायलों का ममहर के एक निजी चिकित्सलय में भर्ती कराया गया। जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया। सोमवार की देर शाम बरवा निवासी 34 वर्षीय मुकेश पटेल अपनी पत्नी 29 वर्षीय संजू के साथ स्वयं के ऑटो को लेकर खेतलपुर जा रहे थे। गोड़ापार के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार धक्का मार दिया। चालक पिकअप लेकर भागने लगा तो आस पास के लोगों ने बाइक द्वारा पीछा करके ममहर बाजार के पास पिकअप सहित चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। घटना में ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई व मुकेश व उनकी पत्नी को गंभीर चोट आई। गंभीर रूप से घायल पति-पत्नी को बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां पर हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक राम सरीख गौतम ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।